Swati Maliwal Video: 6 दिन बाद भी स्वाति मालीवाल ठीक से नहीं चल पा रही हैं, मुख्यमंत्री के घर ‘पिटाई’ के बाद पहला वीडियो आया सामने
आम आदमी पार्टी (आप) की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल के साथ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर कथित ‘मारपीट’ के बाद उनका पहला वीडियो सामने आया है।
इस वीडियो में दिख रहा है कि घटना के 6 दिन बाद भी स्वाति मालीवाल ठीक से नहीं चल पा रही हैं। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में स्वाति मालीवाल के बयानों के आधार पर मुख्यमंत्री के पीए विभव कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
इसके अलावा, राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी विभव कुमार को इस मामले में शुक्रवार को तलब किया है।स्वाति मालीवाल का यह वीडियो पुलिस द्वारा उन्हें मेडिकल जांच के लिए एम्स ले जाने के बाद सामने आया है। देर रात अस्पताल से घर लौटते समय उन्हें बहुत धीमे कदमों से चलते हुए देखा गया।
#WATCH | Delhi: AAP Rajya Sabha MP Swati Maliwal reaches her residence. pic.twitter.com/s2t1xlRgDV
— ANI (@ANI) May 16, 2024
एडिशनल पुलिस कमिश्नर पी.एस. कुशवाह की अगुवाई में दो सदस्यीय टीम ने स्वाति मालीवाल के आवास पर जाकर उनके बयान दर्ज किए, जिसके बाद एफआईआर दर्ज की गई। टीम चार घंटे से अधिक समय तक मालीवाल के आवास पर रही। अधिकारियों ने बताया कि केजरीवाल के पीए विभव कुमार को मामले में आरोपी बनाया गया है।
दिल्ली पुलिस ने विभव कुमार के खिलाफ सिविल लाइंस पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 354 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से हमला), धारा 506 (आपराधिक धमकी), धारा 509 (महिला की गरिमा का अपमान करने के इरादे से शब्द बोलना या इशारा करना) और धारा 323 (हमला करना) के तहत एफआईआर दर्ज की है।
स्वाति मालीवाल ने सोमवार को सिविल लाइंस पुलिस थाने पहुंचकर आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निजी स्टाफ के एक सदस्य ने उनके साथ मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास पर ‘मारपीट’ की थी।एक आधिकारिक सूत्र ने बताया कि मालीवाल ने अपने बयान में कहा कि वह ड्राइंग रूम में बैठी थीं, जब विभव कुमार आए और बिना किसी उकसावे के उनके साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें थप्पड़ मारे।
मालीवाल ने आरोप लगाया कि विभव ने उनके पेट पर मारा और लात मारी। मालीवाल ने अपनी शिकायत में कहा कि वह मुख्यमंत्री आवास से बाहर भागीं और पुलिस को फोन किया। सूत्रों ने बताया कि मालीवाल ने यह भी दावा किया कि घटना के समय केजरीवाल अपने आवास पर मौजूद थे।
सूत्रों के अनुसार, मालीवाल ने अपनी शिकायत में विभव कुमार को ‘मुख्य आरोपी’ बताया है, जिन्होंने कथित तौर पर मालीवाल पर तब हमला किया था जब वह केजरीवाल से मिलने गई थीं।
(देश और दुनिया की ताज़ा खबरें सबसे पहले पढ़ें Talkaaj (बात आज की) पर, आप हमें Facebook, Twitter, Instagram, Koo और Youtube पर फ़ॉलो करे)